Admission Open DCA PGDCA BCA MSC BA BCOM BSW, CALL 07554905511 MSW www.hitechbhopal.com

Saturday, October 17, 2015

भोपाल : महिलाओं की चेन लूटने वाले गिरोह का सरगना पूर्व क्रिकेटर, पुलिस ने पांच को धरदबोचा

भोपाल: दक्षिण भारत के विभिन्न शहरों में मोटरसाइकिल चोरी कर महिलाओं के गले से चेन लूटने की करीब 76 वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। गिरोह का 30 वर्षीय सरगना मध्यप्रदेश की अंडर-19 क्रिकेट टीम का खिलाड़ी रह चुका है।

मध्यप्रदेश की अंडर-19 क्रिकेट टीम में खेल चुका है मुर्तजा अली
जहांगीराबाद क्षेत्र के नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) सलीम खान ने आज बताया कि पुलिस ने आरोपी मुर्तजा अली (30), शादाब (23), हैदर (19), गुफरान (19) और राजा अली (18) को कल गिरफ्तार कर आज अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपियों को 22 दिन तक पुलिस हिरासत में रखने के आदेश दिए हैं।

उन्होंने बताया कि गिरोह का मुख्य आरोपी मुर्तजा अली मध्यप्रदेश की अंडर-19 क्रिकेट टीम में खेल चुका है। उन्होंने बताया कि आरोपियों से 4 पल्सर मोटरसाइकिल तथा 10 सोने की चेनें बरामद की गई हैं। खान ने बताया कि गिरोह ने मप्र के अलावा दक्षिणी राज्यों के विभिन्न शहरों में लगभग 76 वारदातों को अंजाम देना कबूल किया है।

कामकाजी महिलाओं को बनाते थे निशाना
उन्होंने बताया कि आरोपी महिलाओं के गले से चेन लूटने के लिए चोरी की बाइक का उपयोग करते थे। वह ऑफिस जाने के समय कामकाजी महिलाओं को निशाना बनाते थे। सीएसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। इसमें और वारदातों का खुलासा होने की उम्मीद है।